नोएडा के पहले कमिश्नर बने आलोक सिंह, शहर में जश्न का माहौल

नोएडा। आज नोएडा के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में लखनऊ और गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में पुलिस कमिश्नर प्रणाली का प्रस्ताव पास होने के साथ ही नोएडा के इतिहास में कमिश्नर की तैनाती के रूप में एक अध्याय जुड़ गया है और पहले कमिश्नर के रूप में आलोक सिंह को तैनाती मिली है। इससे शहर में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लोग इस विषय पर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। लड्डू बांटने की तैयारी चल रही है।



       ( आलोक सिंह, आईपीएस )


आज लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में लखनऊ व गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली पर मुहर लग गई और इसके साथ ही छह अन्य प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। 


 आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीडिया को संबोधित किया। इससे पहले कैबिनेट बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह तथा श्रीकांत शर्मा मीडिया को कैबिनेट के फैसले की ब्रीफिंग करते थे। लखनऊ में एडीजी सुजीत पांडेय और गौतमबुद्धनगर में एडीजी आलोक सिंह पहले पुलिस कमिश्नर होंगे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की दृष्टि से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार ने बेहतर पुलिसिंग के लिए बड़ा तथा बढिय़ा कदम उठाया है। लम्बे समय से उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए इसकी मांग की जा रही थी। उसको पूरा किया गया है। आज के समय में लखनऊ में करीब 40 लाख तथा गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में करीब 25 लाख के आसपास की आबादी है। लखनऊ में अभी तक कुल 40 थाना हैं। अब लखनऊ में पुलिस आयुक्त प्रणाली होगी। जिसमे एडीजी रैंक के अफसर पुलिस कमिश्नर होंगे। प्रदेश मे आयुक्त प्रणाली मेट्रोपॉलिटन सिटी में लागू होगी। इसके साथ ही दोनों जगह पर महिला एसपी रैंक की अधिकारी को अलग से नियुक्ति दी जाएगी। जिससे महिलाओ की सुरक्षा के लिए अलग से काम हो सके। उनके साथ एएसपी रैंक की अधिकारी भी रहेंगी। लखनऊ तथा गौतमबुद्धनगर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी तथा एएसपी रैंक के अधिकारी तैनात होंगे,  जिससे यातायात की व्यवस्था मजबूत हो।



एक परिचय : 








 


आइए जानते हैं कौन हैं आईपीएस आलोक सिंह जो नोएडा के नए कमिश्नर बने हैं….


निजी जानकारी
नोएडा के नए कमिश्नर का नाम- आलोक सिंह
जन्म- 24 जनवरी 1967
जन्मस्थान- अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
पिता का नाम- चंद्रपाल सिंह
स्नातक- विज्ञान, भौतिकी और गणित से बीएससी
परास्नातक- अर्थशास्त्र से एमए।
एमबीए- मार्केटिंग और फाइनेंस
काडर आईपीएस वर्ष- 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं
सर्विस डिटेल
वर्तमान रैंक- एडीजी
वर्तमान पोस्ट- एडीजी/आईजी मेरठ(रेंज)
वर्तमान पोस्टिंग तिथि- 01/01/2020
पोस्टिंग का जिला- मेरठ
रिक्रूटमेंट की तिथि- 04/09/1995
काडर- आईपीएस-आरआर 1995
सेलेक्शन ग्रेड की तिथि- 01/05/2008
डीआईजी बनने की तिथि- 09/11/2010
आईजी बनने की तिथि- 17/01/2014
एडीजी बनने की तिथि- 01/01/2020